नागौर। प्रदेश में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए जारी की गई बजट घोषणाओं को लेकर जिला कलक्टर चंपालाल जीनगर ने सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली।इस दौरान उन्होंने बजट घोषणाओं के सभी विभागों में विभागवार की गई घोषणाओं की क्रियान्वती के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों को तीव्रता से कार्य करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि बजट घोषणाओं में नव स्थापित कार्यालय, सार्वजनिक भवनों के लिए भूमि अवाप्ति एवं जमीन चिन्हिकरण के कार्य शीघ्रता से पूर्ण करें। इस दौरान उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को सहाय कृषि अधिकारी कार्यालय, मंडी सचिव को गौण मंडी यार्ड, पशुपालन विभाग को पशु चिकित्सालयों का निर्माण,कला एवं संस्कृति विभाग को पैनोरमा कार्य,वन विभाग को नमो नर्सरी की स्थापना, पुलिस विभाग को कारागृह कार्यों, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़क निर्माण,रेलवे ओवरब्रिज व अंडरब्रिज,शिक्षा विभाग के अधिकारियों को जिले में व्यवसायिक शिक्षा लागू एवं ग्रीन स्कूल प्रोग्राम आयोजित करने के लिए स्कूलों का चयन करने,स्किल डवलपमेंट आदि को लेकर तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए।बैठक में जिला कलक्टर ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी अपने विभाग की घोषणाओं के अनुरूप समीक्षा कर उन्हें धरातल पर लाने के लिए प्रयास करें तथा जहां समस्याएं आ रही है उनकी रिपोर्ट भी प्रस्तुत करें।
बैठक में जिला कलक्टर चंपालाल जीनगर ने चुनाव संबंधी कार्यों को लेकर भी समीक्षा की।इस दौरान उन्होंने कहा कि आगामी पंचायतीराज चुनाव की तैयारियां समय रहते पूर्ण करें।इसके लिए उन्होंने चुनाव संबंधित सामान्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए मतदान केंद्रों,मतदान दलों की रवानगी, कंट्रोल रूम की स्थापना,मतदान दलों के प्रशिक्षण,वाहन व्यवस्था,अधिकृत वाहनों का भुगतान,वीडियोग्राफी, दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था,मत पेटियों की सुरक्षा, नॉमिनेशन फॉर्म भरवाने,एमसीएमसी सैल का गठन सहित विभिन्न कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।






