विधानसभा में बजट बहस का आज आखिरी दिन है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के भाषण के बाद दोपहर बाद डिप्टी सीएम और वित्त मंत्री दीया कुमारी बजट बहस का जवाब देंगी।
बजट बहस के जवाब के दौरान कई बड़ी घोषणाओं के आसार हैं। बजट में जिन जिलों के लिए विकास कामों की घोषणाएं नहीं हुई थीं उनके लिए आज घोषणाएं हो सकती हैं।
वित्त मंत्री विपक्ष की तरफ से उठाए गए मुद्दों का भी जवाब देंगी। कांग्रेस विधायकों ने बजट बहस के दौरान सरकार पर आर्थिक कुप्रबंधन और कर्ज बढ़ाने के आरोप लगाए हैं। कई विभागों का बजट काटा गया है, इसे लेकर भी कई विपक्षी विधायकों ने सवाल उठाए थे।

आज कौनसे मुद्दों पर घेर सकता है विपक्ष?
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के भाषण पर भी सियासी जानकारों की निगाहें हैं। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली पिछले बजट की अधूरी घोषणाओं और बजट की घोषणाओं को फिजिबल नहीं मानने के मुद्दे पर सरकार को घेरेंगे।
जूली पहले भी इस मुद्दे को उठाते रहे हैं। इसके अलावा बढ़ते कर्ज, घटते विकास खर्च, योजनाओं की धीमी रफ्तार को लेकर भी जूली सरकार से सवाल करेंगे।
बीजेपी विधायक बहादुर सिंह कोली की टिप्प्णियों का मामला भी उठ सकता है। इस मामले में हंगामे के आसार हैं।





