जयपुर में सूने मकान का लॉक तोड़कर बदमाशों के घुसने का मामला सामने आया है। परिवार शादी में गया हुआ था। महज 30 मिनट में लाखों रुपए कीमत के गहने और कैश चोरी कर फरार हो गए। हरमाड़ा थाना पुलिस CCTV फुटेज में कैद हुए बदमाशों की तलाश कर रही है।
पुलिस ने बताया- चोरी की वारदात हरमाड़ा के मंगलम विहार कॉलोनी निवासी नरेन्द्र कुमार जांगिड़ के घर हुई। 15 फरवरी को वह अपने परिवार के साथ झुंझुनूं में एक शादी में शामिल होने गए थे। पीछे से बदमाशों ने सूने मकान को चोरी के लिए निशान बनाया।
मेन गेट कूदकर घुसे बदमाश लॉक तोड़कर घर के अंदर घुसे। अलमारियों के लॉक तोड़कर बदमाश 7 लाख रुपए कीमत के गहने और करीब 70 हजार रुपए कैश चोरी कर ले गए। रविवार को वापस लौटने पर चोरी की वारदात का पता चला। हरमाड़ा थाना पुलिस ने चोरी की सूचना पर मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए।
CCTV फुटेज में कैद मिली करतूत
घर के अंदर-बाहर लगे CCTV फुटेज चेक करने पर नकाबपोश दो चोरों की करतूत कैद मिली। शनिवार रात करीब 12 बजे दो बदमाश मेन गेट कूदकर अंदर पोर्च में आए। जिसके बाद लॉक तोड़कर अंदर घुसे बदमाशों ने करीब 30 मिनट तक घर के सभी कमरों को खंगाला। लाखों रुपए के गहने-कैश चोरी कर दोनों बदमाश उसी रास्ते से वापस भाग निकले।






