जयपुरः राजस्थान में बीजेपी को प्रचंड बहुमत मिलने के बाद मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान हो गया है. भजनलाल शर्मा को राजस्थान की कमान मिली है. भाजपा विधायक दल की बैठक में नाम पर मुहर लगाई गई. वहीं दीया कुमारी और प्रेम चंद बैरवा को डिप्टी सीएम की कमान सौंपी गई है. जबकि वासुदेव देवनानी को विधानसभा स्पीकर बनाया गया है.
इसके बाद से अब नई सरकार के शपथ ग्रहण की तैयारियां शुरू हो गई है. कैबिनेट सचिवालय के उच्च अधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. 15 दिसंबर को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा. इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा का आना प्रस्तावित है, इसके अलावा सीएम योगी आदित्यनाथ, हिमंत सरमा समेत अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री भी इस शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद होंगे.
यही नहीं शपथ ग्रहण समारोह में साधु, संतों, महंतों और समाजसेवियों की भी उपस्थिति रहेगी. लेकिन अभी यह तय नहीं हुआ है की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह कहां पर आयोजित किया जाएगा. अगर राजभवन में शपथग्रहण तो अतिथियों की संख्या सीमित रह सकती है जबकि अन्य जगह समारोह हुआ तो अतिथियों की संख्या 200 से 300 हो सकती है.





