तिजारा/जयपुर(सुनील शर्मा)* खैरथल तिजारा में पुलिस थाना कोटकासिम का सहायक उपनिरीक्षक को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते एसीबी ने रंगे हाथों किया गिरफ्तार

ए.सी.बी. मुख्यालय के निर्देश पर अलवर-द्वितीय इकाई द्वारा कार्यवाही करते हुये रघुवीर सिंह सहायक उपनिरीक्षक पुलिस थाना कोटकासिम,जिला खैरथल तिजारा को परिवादी से 15 हजार रुपये रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक डॉ.रवि प्रकाश मेहरड़ा ने बताया कि ए.सी.बी. की सीकर इकाई को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि दुर्घटना के प्रकरण में नार्मल कार्यवाही करने एवं जब्त पिकअप को जल्दी रिलीज करवाने की एवज में आरोपी रघुवीर सिंह सहायक उपनिरीक्षक पुलिस थाना कोटकासिम जिला खैरथल तिजारा द्वारा 15 हजार रूपये रिश्वत राशि की मांग कर परेशान किया जा रहा है।जिस पर एसीबी जयपुर के उप महानिरीक्षक पुलिस रणधीर सिंह के सुपरवीजन में एसीबी की अलवर-द्वितीय इकाई के उप अधीक्षक पुलिस परमेश्वर लाल के निर्देशन में शिकायत का सत्यापन किया एवं आज उनके द्वारा मय टीम के ट्रेप कार्यवाही करते हुए आरोपी रघुवीर सिंह सहायक उपनिरीक्षक पुलिस थाना कोटकासिम, जिला खैरथल-तिजारा को परिवादी से 15 हजार रुपये रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।

उल्लेखनीय है कि आरोपी सहायक उपनिरीक्षक पुलिस द्वारा शिकायत के सत्यापन के दौरान भी परिवादी से 2 हजार रुपये रिश्वत के रूप में वसूल कर लिये थे।एसीबी के उप महानिरीक्षक रणधीर सिंह के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक डॉ.रवि प्रकाश मेहरड़ा ने समस्त प्रदेशवासियों से अपील की है कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टोल-फ्री हैल्पलाईन नं.1064 एवं Whatsapp हैल्पलाईन नं. 94135-02834 पर 24X7 सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरूद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।एसीबी आपके वैध कार्य को करवाने में पूरी मदद करेगी।





