बालोतरा में एक साल से पीहर रह रही पत्नी को पति ने किडनैप कर लिया। आरोपियों के साथ उसके भाई और अन्य लोग थे जो दो गाड़ियों में सवार होकर आए थे। आरोपी घर में सो रही विवाहिता का किडनैप करके ले गए थे। बालोतरा पुलिस ने 5 दिन बाद विवाहिता को छुड़वाकर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मडली थाना इलाके के एक गांव निवासी पीड़िता के पिता ने थाने में रिपोर्ट दी। जिसमें बताया कि मेरी बेटी को उसका पति शराब पीकर परेशान करता था। तंग आकर बेटी करीब 1 साल से पीहर में ही रह रही थी।
1 अक्टूबर की रात में दामाद अपने भाई व 6 साथियों के साथ दो वाहनों में सवार होकर आया और घर पर सो रही बेटी को किडनैप कर ले गए। पुलिस ने रिपोर्ट पर अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मंडली थानाधिकारी महेश गोयल ने बताया- किडनैपिंग की टेलीफोन के जरिए सूचना मिली थी कि महिला का अपहरण कर लिया है। इस पर अलग-अलग तीन टीमें बनाकर महिला और अपहरण करने वालो आरोपियों की तलाश शुरू की।
तकनीकी और सूचना के आधार पर आरोपी, उसके भाइयों व अन्य को डिटेन कर महिला का छुड़वाया गया। उसके परिजनों को सुपुर्द किया गया। पूछताछ के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। फिलहाल पूछताछ जारी है। कार्रवाई में हेड कॉन्स्टेबल वीरेंद्र, कॉन्स्टेबल रोहिताश, उत्तमप्रकाश, बुलीदान सिंह शामिल रहे।





