उदयपुर में प्रतापनगर थाना क्षेत्र के अरिहंत विहार में रात के समय एक घर में घुसकर चोर बाइक चुराकर ले गए। बदमाशों ने पहले मेन गेट का ताला तोड़ा। फिर अंदर आंगन में खड़ी बाइक का हैंडल लॉक तोड़कर चुरा ले गए। घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें 3 युवक रात करीब 3 बजे चोरी की वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं।
इस संबंध में पीड़ित मोहित शर्मा पिता ईश्वर शर्मा ने प्रतापनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। साथ ही पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सौंपा है। पीड़ित का कहना है कि इससे पहले ये ही चोर 9 मई को रात 1 बजे घर में चोरी करने आए थे। तब हम जाग रहे थे। दूसरे गेट से बाहर आए तो चोर कूदकर भाग गए। इस घटना के बाद 3 दिन हमने घर पर सीसीटीवी कैमरे लगा दिए थे। चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे वापस हमारे घर में आए और बाइक चुराकर ले गए।
पड़ोस में भी बाइक और 3 लाख की हो चुकी चोरी जानकारी के अनुसार, 17 मई को अरिहंत विहार में शांतीलाल शर्मा पिता लखमा गमेती के घर से भी चोर बाइक चुराकर ले गए थे। इससे पहले जनवरी में भी इसी इलाके में 3 लाख रुपए की चोरी हो चुकी है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि चोरों के हौसले बुलंद है। पुलिस को प्रभावी रूप से रात्रि गश्त करनी चाहिए। साथ ही चोरों को जल्द पकड़ना चाहिए।





