किशनगढ़ के सरगांव रोड पुलिया क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। हाईवे निर्माण कार्य के दौरान एक अनियंत्रित ट्रक से कंटेनर नीचे चल रही कार पर गिर गया। इस हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन उसमें सवार भीलवाड़ा निवासी दंपती सुरक्षित बच गए।
बैरिकेड्स नहीं होने से हुआ हादसा
यह घटना तब हुई जब कार भीलवाड़ा से जयपुर की ओर जा रही थी। सरगांव रोड पुलिया क्षेत्र में निर्माण कार्य चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निर्माण स्थल पर सुरक्षा बैरिकेड्स हटे हुए थे, जिसके कारण ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और कंटेनर कार पर पलट गया।
कार में सवार दंपती को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
हादसे की सूचना मिलते ही किशनगढ़ शहर थाना पुलिस और हाईवे टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों और कंटेनर को सड़क से हटवाकर जाम खुलवाया।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य के दौरान पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए सख्त सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।





