भीलवाड़ा के भादू गांव में माताजी के स्थान के पास एक चलती कार में अचानक आग लग गई। घटना के दौरान जब कार सवार परिवार ने कार से धुआं उठता देखा तो चौंक गए। ड्राइवर ने समझदारी दिखाते हुए कार को सड़क किनारे रोक दिया।
इसके बाद सभी को गाड़ी से उतारा। लोग जैसे ही कार से बाहर निकले, इसमें से आग की लपटें निकलने लगी। कुछ ही देर में कार जलकर राख हो गई।
बेटा अपनी मां और बहन को अस्पताल लेकर जा रहा था। धुआं उठता देखा तो कार को किनारे लगा कर बहन और मां को उतारा।

चलती कार में अचानक लगी आग
मामला मांडल थाना क्षेत्र के भादू गांव का है,यहां गांव में रहने वाला सुरेश गाडोलिया अपनी मां सोहनी देवी और बहन पूजा को लेकर बागोर अस्पताल में चेकअप के लिए जा रहा था। इस दौरान कुछ दूरी पर अचानक चलती कार से धुंआ और आग निकलने लगी। सुरेश ने तुरंत कार को साइड में खड़ा किया और अपनी मां और पूजा को गाड़ी से बाहर निकाला। तीनों जैसे ही बाहर निकले इसी दौरान आग फैल गई और कुछ ही देर में कार जलकर राख हो गई।

फायर ब्रिगेड के आने से पहले कार जलकर राख
सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड और मांडल थाना पुलिस मौके पर पहुंची तब तक कार जलकर पूरी तरह राख हो चुकी थी। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। उन्होंने आग बुझाने की कोशिश भी की, लेकिन जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। प्रथम दृश्य शॉर्ट सर्किट से आग लगने का कारण माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारण की जांच में जुटी है।







