फोन पर मुख्यमंत्री ने सुनी समस्याएं,परिवादियों को मिली तुरंत राहत
नागरिक संतुष्टि बने प्रमुख मापदंड,त्वरित व प्रभावी निस्तारण हो सुनिश्चित:मुख्यमंत्री
शिकायतों पर विभागीय जवाब हो संक्षिप्त एवं समाधान केन्द्रित- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
विभिन्न सेक्शनों का किया अवलोकन, नागरिक संतुष्टि दर एवं कार्य प्रणाली की ली जानकारी
हेल्पलाइन सेंटर पर कार्यरत कार्मिकों की परफोर्मेंस रिपोर्ट तैयार करने के दिए निर्देश
न्यूज इन राजस्थान सुनील शर्मा
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को शासन सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने हेल्पलाइन पर परिवादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, प्रभावी एवं संतुष्टि आधारित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस दौरान हेल्पलाइन पर चूरू निवासी रूघाराम ने मुख्यमंत्री को 10 वर्ष पुरानी मतदाता सूची उपलब्ध नहीं होने के कारण मूल निवास प्रमाण-पत्र जारी नहीं हो पाने की समस्या बताई। मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रकरण का त्वरित संज्ञान लेते हुए ई-मित्र के माध्यम से आवेदन को पुनः प्रक्रिया में लिया गया और संबंधित तहसील कार्यालय द्वारा मूल निवास प्रमाण-पत्र जारी कर दिया गया।
इसी प्रकार जयपुर निवासी ज्योति की एलपीजी सिलेंडर डिलीवरी की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने तत्काल समाधान के निर्देश दिए। प्रशासन द्वारा त्वरित कार्यवाही के उपरांत सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की गई, जिस पर परिवादी ने संतोष व्यक्त किया। फोन पर मुख्यमंत्री की आवाज सुनते ही परिवादी आश्चर्यचकित हो गए और अपनी सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।
जन समस्याओं का संवेदनशीलता व जवाबदेहिता के साथ हो निस्तारण
मुख्यमंत्री ने हेल्पलाइन के विभिन्न सेक्शनों का अवलोकन कर शिकायत निस्तारण की प्रक्रिया, संतुष्टि दर तथा अधिकारियों द्वारा किए जा रहे निरीक्षणों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी नागरिक असंतुष्ट न रहे तथा प्रत्येक परिवेदना का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेहिता के साथ निस्तारण किया जाए।
*संतुष्टि दर में निरंतर वृद्धि हो सुनिश्चित*
मुख्यमंत्री शर्मा ने निर्देश दिए कि सभी विभागों द्वारा शिकायतों पर दी जाने वाली प्रतिक्रिया समाधान केंद्रित, संक्षिप्त एवं संतोषजनक हो। साथ ही, हेल्पलाइन सेंटर पर कार्यरत कार्मिकों की परफॉर्मेंस रिपोर्ट तैयार कर नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा परिवादियों की संतुष्टि दर में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित की जाए।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.







